हरेली के रंग में रंगा छत्तीसगढ़, पूरे प्रदेश ने की कृषि यंत्रों और पशुधन की पूजा, विधायक-मंत्रियों, कार्यकर्ताओं संग सीएम साय ने निवास में मनाया “हरेली तिहार”

रायपुर। श्रावण मास की अमावस्या तिथि को हरियाली अमावस्या के नाम से जाना जाता है। हमारे छत्तीसगढ़ की लोक आस्था और कृषि पद्धति के प्रति श्रद्धास्वरूप इस महत्वपूर्ण दिवस को हम “ हरेली तिहार “के नाम से धूम-धाम से मनाते हैं।
कृषि प्रधान हमारे छत्तीसगढ़ में घर के बड़े-बुजुर्ग श्रद्धा और कृतज्ञता के भाव से कृषि उपकरणों की पूजा करते हैं। बच्चे गेड़ी चढ़ उल्लसित मन से इस त्यौहार का स्वागत करते हैं।
जब यह प्रमुख त्यौहार छत्तीसगढ़ का हो, तो प्रदेश के मुखिया का निवास इससे कैसे अछूता रहे! मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने “हरेली तिहार” का स्वागत मुख्यमंत्री निवास में विधायक-मंत्रियों, कार्यकर्ताओं और आम जनता के साथ कृषि यंत्रों एवं पशुधन की पूजा कर किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी मुख्यमंत्री निवास में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में कृषि यंत्रों से संबंधित प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री साय ने अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के अन्नदाताओं को हरेली तिहार की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेली हमारे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक आत्मा का त्यौहार है। मैं प्रदेश के किसानों के परिश्रम और प्रकृति के प्रति उनकी श्रद्धा को नमन करता हूँ।